द फॉलोअप डेस्क
झारखंड पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जेजेएमपी का सबजोनल कमांडर और 5 लाख का इनामी नक्सली लवलेश गंझू ने मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में आत्मसमर्पण कर दिया। उसने राज्य सरकार की नई दिशा आत्मसमर्पण नीति के तहत यह कदम उठाया।
लवलेश ने आईजी सुनील भास्कर, एसपी कुमार गौरव, एसएसबी 32वीं बटालियन के कमांडेंट राजेश सिंह और सीआरपीएफ 11वीं बटालियन के कमांडेंट यादराम बुनकर के समक्ष सरेंडर किया। लवलेश के खिलाफ अलग-अलग थानों में 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। आईजी सुनील भास्कर ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य है कि 2026 तक झारखंड को नक्सल मुक्त बनाया जाए। इसी दिशा में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
लातेहार जिले में उग्रवाद अब लगभग खत्म होने के कगार पर है। उन्होंने नक्सलियों से अपील की कि सरेंडर कर मुख्यधारा में लौटें, वरना सख्त कार्रवाई का सामना करें। सरेंडर के वक्त लवलेश की पत्नी और बच्चे भी मौजूद थे। लवलेश ने कहा कि अब वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन करेगा और बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाएगा। पुलिस प्रशासन ने उसे आत्मसमर्पण के प्रतीक के तौर पर 5 लाख रुपये का चेक सौंपा।
